परम्परागत रसोई के प्रति जागरूकता के लिए देश भर में निबंध-चित्रकला प्रतियोगिता करवा रहा है इंटेक
बच्चे उकेरेंगे ‘माय फूड हेरिटेज’
पारम्परिक व्यंजन व बर्तनों पर जागरूकता के लिए इंटेक का अनूठा प्रयास
एक फरवरी को सीपीएस में होगी निबंध व चित्रकला प्रतियोगिता
welcome2udaipur
पौष्टिकता से भरपूर भारतीय पारम्परिक व्यंजनों और व्यंजनों को पकाने के लिए उपयोग में आने वाले पारम्परिक बर्तनों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से इंडियन नेशनल ट्रस्ट फोर आर्ट एंड कल्चर हेरिटेज (इंटेक) के हेरिटेज एजुकेशन एंड कम्युनिकेशन सर्विस (एचइसीएस) डिवीजन की ओर से पूरे देश में निबंध व चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में उदयपुर में एक फरवरी को चित्रकला प्रतियोगिता होगी।
इंटेक उदयपुर स्कंध के कन्वीनर डॉ. ललित पाण्डेय ने बताया कि न्यू भुपालपुरा स्थित सेंट्रल पब्लिक स्कूल (सीपीएस) में होने वाली इस निबंध व चित्रकला प्रतियोगिता में 15 से अधिक स्कूलों के प्रतिभागी शामिल होंगे। प्रतियोगिता कक्षा 7वीं से 9वीं के विद्यार्थियों के लिए होगी। इसका विषय ‘खाना खजाना : माई फूड हेरिटेज’ रखा गया है। प्रतियोगिता में पंजीकरण का समय एक फरवरी को सुबह 10 बजे से रहेगा। प्रतियोगिता की जानकारी के बाद 10.30 से 12 बजे तक प्रतियोगियों को अपनी भावनाएं उकेरने का समय मिलेगा। इसके बाद आधा घंटा सपोर्टिंग राइटअप के लिए रहेगा।
इंटेक उदयपुर स्कंध के को-कन्वीनर गौरव सिंघवी ने बताया कि निबंध में अद्वितीय पकवान का विवरण होना चाहिए जिसमें पकवान का इतिहास, नुस्खा और महत्व शामिल हो। इसके अलावा अद्वितीय बर्तन पर भी निबंध लिखा जा सकता है जिसमें बर्तन की उत्पत्ति, गुण और उपयोग की जानकारी शामिल की जाए। प्रतिभागी किसी व्यक्ति या रसोइये की कहानी, विशिष्टता और उसके नुस्खों पर भी निबंध लिख सकते हैं। निबंध 300 शब्दों का लिखा जा सकेगा। इसी तरह, चयनित विषय पर संलग्न पोस्टर ए-थ्री आकार के कागज पर बनाना होगा। इसका उपयुक्त शीर्षक होना चाहिए। शीर्षक और लेखन अंग्रेजी, हिंदी या किसी भी प्रमुख क्षेत्रीय भाषा में हो सकता है। ड्राइंग और राइटिंग के लिए पेपर इंटेक द्वारा प्रदान किया जाएगा और अन्य जरूरी पेन, पेंसिल, रंग और कोलाज बनाने की सामग्री प्रतिभागी को लानी होगी।
सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र दिए जाएंगे। इसमें 100 क्षेत्रीय विजेता और 10 राष्ट्रीय विजेता होंगे। राष्ट्रीय विजेताओं को शैक्षणिक यात्रा पर ले जाया जाना प्रस्तावित है। सभी विजेताओं को पुरस्कार और ट्राफियां प्रदान की जाएंगी।